
नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की पत्नी और सर्बियाई एक्ट्रेस-मॉडल नताशा स्तांकोविक भी बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के सपोर्ट में उतर गई हैं। 14 जून को बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा में स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर तमाम तरह की बातें हो रही हैं। एक बार फिर से 'नेपोटिज्म' को लेकर तमाम तरह ही बातें हो रही हैं। कंगना ने सुशांत के सुसाइड के बाद एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे इंडस्ट्री पर में दोगला व्यवहार किया जाता है।
नताशा ने कंगना का यह वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर करते हुए लिखा है, '#Facts' (सच बातें), इससे पहले भारत की स्टार महिला पहलवान और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बबीता फोगाट ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन के एक दिन बाद फिल्ममेकर करन जौहर पर जमकर अपना गुस्सा निकाला था। कंगना रनौत के समर्थन में उतरीं बबीता फोगाट ने करन जौहर को जमकर खरीखोटी सुनाई थी।
बबीता फोगाट भी कंगना के सपोर्ट में सामने आई हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'कंगना रनौत बहन की बात मुझे काफी हद तक सही लगती है। जो लोग छोटे शहरों से आते हैं उन लोगों के साथ वहां इस तरह का भेदभाव होता है जो नहीं होना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री किसी की बपौती नहीं है। भाई भतीजावाद बॉलीवुड की सबसे बड़ी बीमारी है मैंने खुद इसको काफी नजदीक से देखा है।'
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'अब समय आ गया है फिल्म इंडस्ट्री को चुनिंदा परिवारों की गिरफ्त से बाहर करवाया जाए। सभी देशवासियों को एकजुट होकर भाई भतीजावाद करने वालों की फिल्मों को देखना बंद किया जाए नहीं फिर पता नहीं कितने छोटे शहरों से गए लोगों को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।' उन्होंने करन जौहर पर निशाना साधते हुए ट्वीट में लिखा, 'करण जौहर कौन है? क्या गंदगी फैला रखी है इसने फिल्म इंडस्ट्री में। इसकी बपौती है क्या फिल्म इंडस्ट्री इसको मुंहतोड़ जवाब क्यों नहीं देते? एक हमारी शेरनी बहन कंगना रनौत है जो इसको जवाब देती है। इस गैंग की सभी फिल्मों का बायकट करो।'