
इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ICA) ने देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान 30 पूर्व क्रिकेटरों की मदद के लिए 39 लाख रुपए एकत्रित किए. सुनील गावस्कर और कपिल देव भी इस मुहिम में शामिल हुए. ICA के अध्यक्ष अशोक मल्होत्रा ने यह जानकारी दी. अशोक मल्होत्रा ने बताया कि सुनील गावस्कर, कपिल देव के अलावा गौतम गंभीर और गुंडप्पा विश्वनाथ का सपोर्ट भी मिल रहा है, जो बड़ी बात है. इसके अलावा गुजरात के एक कार्पोरेट हाउस ने भी मदद की पेशकश की है.
ऐसा पता चला कि गावस्कर,
कपिल और गंभीर ने खुद भी मदद की. पिछले सप्ताह पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद
अजहरूद्दीन ने भी मदद की पेशकश की थी. इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन 15 मई
तक मदद स्वीकारेगा.
इसके बाद सभी पांचों झोन से 5-6 क्रिकेटरों को मदद की
जाएगी. ऐसे क्रिकेटरों को मदद की जाएगी जो नौकरी नहीं करते हैं और उन्हें
बीसीसीआई या राज्य एसोसिएशनों से पेंशन नहीं मिलती हैं. आईसीए उम्मीद करता
है कि उसके कई सदस्य इस मुहिम में मदद के लिए आगे आएंगे.
आईसीए
के साथ 1750 क्रिकेटर रजिस्टर्ड है. आईसीए ने अपनी तरफ से इस फंड में 10
लाख रुपए की मदद की है. भारत के इस पहले क्रिकेटर्स एसोसिएशन का पिछले साल
गठन किया गया था. आईसीए को बीसीसीआई की तरफ से अपनी गतिविधियां संचालित
करने के लिए 2 करोड़ रुपए की शुरुआती ग्रांट मिली थी. अशोक मल्होत्रा ने
कहा कि आईसीए उन क्रिकेटरों की मदद करेगा जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके
हैं और जिनकी उम्र 60 साल से ज्यादा है. ये क्रिकेटर नौकरी नहीं करते हैं
और इन्हें किसी प्रकार की पेंशन भी नहीं मिलती हैं.