
साल 2020 सिनेमा के लिए काल साबित हो रहा है। एक के बाद कई सितारों ने इस दुनिया को अलग अलग वजहों से अलविदा कह दिया है। ऐसे में अब सुशांत सिंह राजपूत का भी चले जाना उनके फैंस और परिजनों के लिए हैरान करने वाला है। सुशांत सिंह की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जिक्र है कि फांसी के कारण दम घुटने से अभिनेता की मौत हुई है। सुशांत के पिता मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं और आज अभिनेता का अंतिम संस्कार मुंबई में ही किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म का मुद्दा गरम होता दिख रहा है। कई सोशल मीडिया यूजर्स सुशांत के पुराने सोशल मीडिया कमेंट्स को हाइलाइट कर रहे हैं। इन स्क्रीनशॉट्स में सुशांत खुद कह रहे हैं कि उनका कोई गॉडफादर नहीं है, अगर फिल्में नहीं चलीं तो बॉलीवुड से बाहर कर देंगे ये लोग।
सुशांत की आत्महत्या के बाद सोशल मीडिया पर ऐसे दावे देखने को मिल रहे हैं, जिनमे कहा जा रहा है कि कई बड़े ब्रांड्स और सितारों ने सुशांत के साथ काम करने से इनकार किया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे है, जिनमें नेपोटिज्म की बात हो रही है। ऐसा ही कंगना रनौट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो कॉफी विद करण शो का है।
सुशांत की आत्महत्या के पीछे कई कारण कहे जा रहे हैं, कोई आर्थिक तंगी की बात कर रहा है तो कोई कह रहा है कि बॉलीवुड में सुशांत को नेपोटिज्म का शिकार होना पड़ा और कई बड़े लोगों ने सुशांत के साथ काम नहीं करना चाहा क्योंकि उनका सिनेमा में कोई गॉडफादर नहीं। ऐसे में अक्षय का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अक्षय सिनेमा की काली सच्चाई पर बात कर रहे हैं।
अभिषेक त्रिमुखे, पुलिस उपायुक्त ने बताया, बांद्रा पुलिस स्टेशन में डॉक्टरों ने प्रोविजनल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जमा की। 3 डॉक्टरों की टीम ने सुशांत सिंह राजपूत की ऑटोप्सी की। मौत का प्रोविजनल (अंतरिम) कारण फांसी के कारण दम घुटना है।
सुशांत सिंह राजपूत के परिजनों को यकीन नहीं हो रहा है कि सुशांत ने आत्महत्या की है। सुशांत के परिजनों का कहना है कि अभिनेता ने की मुश्किल वक्त को हंसते हुए काटा है। सुशांत हार मानने वालों में से नहीं थे। सुशांत के एक पड़ोसी ने बताया कि जब अभिनेता की मां का निधन हुआ था, तो भी सुशांत का दिल टूटा था लेकिन वो खुद टूटे नहीं थे तो अब तो सब ठीक था। सुशांत बड़ा नाम थे अब, तो अब क्यों और कैसे आत्महत्या कर सकते हैं वो।