Sunday, 10 May 2020

सचिन सर की मैं पूजा करता आ रहा हूं और अचानक वह मेरे सामने आ गए : इशान किशन


मुंबई इंडियंस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रिकॉर्ड 4 बार चैंपियन बन चुकी है। मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में यादें साझा की है। इशान 2018 में गुजरात लॉयंस से मुंबई इंडियंस टीम से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि वह उस समय सचिन से मिले थे जब सचिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी किया करते थे। उन्होंने कहा कि वह उनसे मैच अभ्यास के दौरान मिले थे।


किशन ने वेबसाइट क्रिकबज से कहा, मुझे अब भी याद है जब मैं पहली बार सचिन (तेंदुलकर) पा जी से मिला था। वह मुंबई इंडियंस में हमारे अभ्यास सत्र को देखने आए थे। इसके ठीक बाद मुझे टीम में चुना गया था। मैं रोहित भाई (मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा) से बातें कर रहा था। मैंने उनको बताया कि कैसे मैं सचिन पा जी की इतने सालों से पूजा करता आ रहा हूं। और अचानक से वह मेरे सामने आ गए।'
विकेटकीपर ने कहा, 'रोहित भाई ने मुझे बताया कि उनकी बात हुई है। सौभाग्य से सचिन पा जी खुद मेरी तरफ आए थे, बात करने के लिए। लेकिन मुझे नहीं लगता मैं कुछ भी सुन पाया था जो उन्होंने कहा, मैं बस उनको बोलता हुआ देख रहा था।'


किशन का मानना है कि घरेलू परिस्थितियों ने उन्हें भारत की सीमित ओवरों की टीम में शामिल होने के कई सारे मौके दिए हैं।
उन्होंने कहा, 'बचपन से ही मुझे शॉट्स लगाना पसंद था। गेंद को छोड़ना या उसे रोकना मुझे कभी पसंद नहीं आया। जो गेंद बल्ले पर लगती है उसकी आवाज मुझे बहुत भाती है। मुझे कभी भी गेंदबाज की लंबाई या गति से डर नहीं लगा।'