Tuesday, 5 May 2020

शराबी पति ने गर्भवती पत्नी की, गोली मारकर की हत्या

शराबी पति ने गर्भवती पत्नी की, गोली मारकर की हत्या
जौनपुर। शराब के नशे में धुत पति ने मासूम बेटे के सामने ही गर्भवती पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय चार वर्षीय पुत्र भी मौके पर मौजूद था। पिता के इस रूप को देख वह भागकर पास की झाड़ियों में छिप गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम बच्चे को झाड़ियों से बाहर निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में शामिल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भटौली गांव निवासी दीपक का विवाह करीब पांच साल पहले आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के सिरजहांपुर निवासी हरिश्चंद्र सिंह की बेटी नेहा (25) के साथ हुआ था। दोनों का एक चार वर्ष का बेटा युग भी है।
रविवार देर रात दीपक नशे में धुत होकर घर आया। इस पर पति-पत्नी में विवाद हुआ। शोर सुनकर पास में सो रहे बेटे की नींद भी खुल गई। इसी दौरान गुस्से में दीपक ने अपने पास मौजूद तमंचा निकाला और नेहा पर गोली चला दी। सिर के पास गोली लगते ही नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। यह दृश्य देख रहा बेटा डर के मारे घर के बाहर भाग झाड़ियों में छिप गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। बेटे को घर में न पाकर लोगों को पहले तो यह लगा कि दीपक ने उसकी भी हत्या कर दी, मगर काफी देर बाद उसे झाड़ियों में छिपा पाया गया।
पुलिस ने बच्चे से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिता ने झगड़े के बाद मां को गोली मार दी थी। यह देखकर डर गया और भागकर छिप गया था। घटनास्थल पर सरपतहा पुलिस के अलावा सीओ शाहगंज जीतेंद्र दुबे भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
शाहगंज के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि सूचना पर रात में ही मैं खुद व स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के 4 वर्षीय बेटे का बयान लिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि काफी मनबढ़ किस्म का था दीपक, उसकी एक शादी पहले भी हुई थी। पहली पत्नी प्रताड़ना से आजिज आकर पिता के घर चली गयी थी।काफी सामाजिक दवाब के बाद नही वापस आने पर पिता ने इकलौते बेटे की दूसरी शादी नेहा पुत्री हरिश्चंद्र के साथ 27 मई 2015 में कई थी। जिससे चार साल का बेटा युग है और 6 माह का बच्चा पेट मे था। वहीं लॉकडाउन के दौरान शराब कहां से मिली यह भी सवाल खड़ा करता है।