Saturday, 9 May 2020

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया क्वारेंटाइन को तैयार,वर्ल्डकप होना मुश्किल: धूमल

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा है कि इस साल के आखिर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया 2 हते के लिए क्वारेंटाइन होने को तैयार है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई अखबार से यह बात कही। धूमल ने कहा,'कोई और विकल्प नहीं है। भारतीय टीम को क्वारेंटाइन में रहना ही होगा। अगर आपको क्रिकेट को फिर से शुरू करना है तो ऐसा करना ही होगा। दो हफ्ते का समय लॉकडाउन जितना लंबा नहीं है।' उन्होंने सीरीज में 1 टेस्ट बढ़ाने के ऑस्ट्रेलियाई प्रस्ताव पर कहा वे (ऑस्ट्रेलिया ) रेवन्यू चाहते हैं और यह टेस्ट के मुकाबले वनडे और टी-20 से ज्यादा आता है।
42 मिलियन के होटल को बना सकते है आइसोलेशन सेंटर

भारतीय क्रिकेट टीम को नवंबर-दिसंबर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 4 टेस्ट और 3 वनडे की सीरीज खेलना है। इस दौरान टीम इंडिया को 42 मिलियन डॉलर ( करीब 323 करोड़ रुपए) से तैयार हुई, नई ओवल होटल में ठहराया जा सकता है। कोरोनावायरस की वजह से 138 रूम के इस होटल को खिलाड़ियों के लिए आइसोलेशन सेंटर के तौर पर इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा गया है।

वर्ल्ड कप होना मुश्किल: धूमल इस साल 18 अक्टूबर से 15 नवंबर

इस साल 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कहा कि इस पर कोरोनावायरस का खतरा मंडरा रहा है। इस टूर्नामेंट का होना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने कोरोनावायरस की वजह से अपने यहां 6 महीने तक विदेशियों के आने पर रोक लगा रखी है। ऐसे में कोई भी टीम वहां नहीं जा सकती है। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मई के अंत में प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं। बोर्ड कोषाध्यक्ष ने आईपीएल को लेकर कहा कि अब तक इसके लिए कोई फॉर्मेट या प्लान नहीं बनाया गया है। टूर्नामेंट के लिए विदेशी खिलाड़ियों को भी आना है।