Saturday, 9 May 2020

लॉकडाउन : सूरत में एक बार फिर प्रवासी मजदूर सड़कों पर उतरे, पुलिस पर किया पथराव, 40 लोग हिरासत में लिए गए


देशभर में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लगा हुआ है, जिसके कारण देश के अलग-अलग राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य वापस जाना चाहते हैं। प्रवासी मजदूरों और पुलिस के बीच झड़प की की खबरें लगातार सामने आ रही है। मजदूरों की मांग है कि उन्हें अपने गृह राज्य वापस भेजा जाए। इस बीच, शनिवार को गुजरात के सूरत से एक बार फिर खबर सामने आई जहां घर जाने की मांग को लेकर पुलिस और प्रवासी मजदूरों के बीच झड़प हो गई।
अपने गृह राज्य भेजे जाने की मांग कर रहे सैकड़ों गुस्साए प्रवासी मजदूरों की शनिवार को गुजरात में सूरत जिले के मोरा गांव में पुलिस से झड़प हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि हजीरा औद्योगिक शहर के समीप मोरा गांव में सैकड़ों मजदूरों की पुलिस के साथ झड़प हो गई। उन्होंने पुलिस के वाहनों पर पथराव किया। इसके बाद 40 से अधिक मजदूरों को हिरासत में ले लिया गया।
अधिकारी ने उन्होंने बताया कि प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने मांग की कि जिला प्रशासन उन्हें उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में उनके गृह नगर भेजने की व्यवस्था करें। अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मजदूर हजीरा में औद्योगिक इकाइयों में काम करते हैं और मोरा गांव में रहते हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। वहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।